भोलाधाम पंडाल में जगत के कल्याण के लिए हुआ भगवान श्री गणेश का विवाह, रिद्धि-सिद्धि के साथ सजी भव्य बारात
बदायूं। श्री गणेश सेवा मंडल के तत्वावधान में आयोजित 23वें श्री गणेश महोत्सव के चतुर्थ दिवस भोला धाम में चल रही कथा में भगवान श्री गणेश के विवाह का प्रसंग सुनाया गया। कथा व्यास पूज्य मनु प्रिया जी ने कहा कि जगत के कल्याण के लिए भगवान गणपति का विवाह ब्रह्मा जी की मानस पुत्रियों रिद्धि एवं सिद्धि के साथ हुआ था। उन्होंने कहा कि जो भक्त सच्चे मन से भगवान गणेश की पूजा-अर्चना करते हैं, उनके घर में रिद्धि-सिद्धि का वास होता है।कथा व्यास ने बताया कि भगवान गणेश देवताओं में प्रथम पूजनीय हैं। गणपति की आराधना करने से सभी देवी-देवताओं का आशीर्वाद प्राप्त होता है। रिद्धि एवं सिद्धि से भगवान गणेश के दो पुत्र हुए, जिनके नाम शुभ और लाभ हैं। उन्होंने कहा कि भगवान गणेश को विघ्नहर्ता कहा जाता है और उनकी आराधना से जीवन के कार्यों में आने वाले विघ्न दूर होते हैं।
महोत्सव के दौरान बैंड-बाजों से सजी भगवान गणेश की भव्य बारात निकाली गई, जो श्रद्धालुओं के लिए आकर्षण का केंद्र रही। मंडल की ओर से भगवान गणेश और रिद्धि-सिद्धि के विवाह की मनमोहक झांकी प्रस्तुत की गई। पूरा पंडाल विवाह मंडप के रूप में सजा हुआ था और वातावरण ऐसा प्रतीत हो रहा था, मानो सभी देवी-देवताओं की उपस्थिति में भगवान गणेश का विवाह संपन्न हो रहा हो। श्रद्धालुओं ने जमकर बधाइयां दीं और भगवान गणेश, रिद्धि एवं सिद्धि का आशीर्वाद प्राप्त किया। साध्वी के साथ आए कलाकारों ने सुमधुर भजनों की प्रस्तुति देकर वातावरण को भक्तिमय बना दिया।मंडल पदाधिकारियों ने बताया कि 18 सितंबर को सायं आठ बजे राधाष्टमी के पावन पर्व पर 56 भोग का विशेष आयोजन किया जाएगा। इसके साथ ही पहली बार डांडिया नृत्य का आयोजन भी होगा, जिसके लिए युवा मंडल ने विशेष तैयारियां की हैं। मंडल ने शहरवासियों से कार्यक्रम में अधिक से अधिक संख्या में पहुंचने की अपील की। शुक्रवार को कथा का पंचम एवं अंतिम दिवस होगा, जिसमें कथा को विश्राम दिया जाएगा और व्यास पूजन किया जाएगा।कार्यक्रम में वीरेंद्र वार्ष्णेय, सुनील वार्ष्णेय, सुनील गुप्ता, नितिन अग्रवाल, मनोज वैश्य, चंद्रप्रकाश गुप्ता, राहुल राठौर, संतोष गुप्ता, राकेश गुलाटी, नितेश वार्ष्णेय, मनोज गुप्ता, अवनेश साहू, अशोक नारंग, केशव जी, आचार्य श्री गुरु चरण मिश्रा, पवन शंखधार, मुदित कुमार, प्रमिला गुप्ता, दीपमाला गोयल, कृष्णा कश्यप, सरोज यादव, इंदू सक्सेना, अर्चना गुप्ता, सीमा राठौर, पूजा राठौर, अनीता गुप्ता, राजकुमारी गुप्ता, नीरू गुप्ता आदि मौजूद रहे। कार्यक्रम की जानकारी मीडिया प्रभारी पंकज शर्मा ने दी।
















































































