दातागंज। सिंह ब्रदर्स कोल्ड स्टोरेज में शाक्य समाज की ओर से सामाजिक समरसता संगोष्ठी का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि बिल्सी विधायक हरीश शाक्य और क्षेत्रीय विधायक राजीव कुमार सिंह ‘बब्बू भैया’ ने सहभागिता की। कार्यक्रम स्थल पर पहुंचने पर जनसमुदाय ने दोनों विधायकों का भव्य स्वागत किया।संगोष्ठी को संबोधित करते हुए विधायक हरीश शाक्य और विधायक राजीव कुमार सिंह ‘बब्बू भैया’ ने कहा कि चक्रवर्ती सम्राट अशोक और महात्मा बुद्ध ने शांति, करुणा, मानवता और जनकल्याण का संदेश दिया। शाक्य समाज ने इन आदर्शों को आत्मसात करते हुए देश के विकास, शौर्य और सामाजिक सुधार में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। उन्होंने कहा कि समाज को अपनी गौरवशाली परंपराओं और महापुरुषों के विचारों से प्रेरणा लेकर सामाजिक एकता एवं समरसता को मजबूत करने की दिशा में आगे बढ़ना चाहिए।दोनों विधायकों ने कहा कि वर्तमान सरकार भी बिना किसी भेदभाव के समाज के प्रत्येक वर्ग के सम्मान, अधिकार और समग्र विकास के लिए निरंतर कार्य कर रही है। उन्होंने सामाजिक समरसता को मजबूत करने तथा समाज के सभी वर्गों को साथ लेकर राष्ट्र निर्माण में योगदान देने का आह्वान किया। कार्यक्रम की अध्यक्षता प्रधान देवेन्द्र सिंह शाक्य ने की, जबकि मंच संचालन तेजपाल सागर ने किया। इस दौरान ब्लॉक प्रमुख कुंवर अतेंद्र विक्रम सिंह ‘अंकित भैया’, सत्यवीर मौर्य सहित क्षेत्र के बड़ी संख्या में ग्राम प्रधान, पूर्व जनप्रतिनिधि और गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।