पेंशनर्स परिषद ने धूमधाम से मनाया संस्थापक त्रिपुरारी शरण का जन्मोत्सव एवं स्थापना दिवस, आठवें वेतन आयोग में पेंशनर्स को शामिल करने की उठी मांग
बदायूं। उत्तर प्रदेश राजकीय सिविल पेंशनर्स परिषद जनपद शाखा बदायूं की ओर से परिषद के संस्थापक स्वर्गीय त्रिपुरारी शरण का जन्मोत्सव एवं स्थापना दिवस गुरुवार को कलेक्ट्रेट स्थित पेंशन भवन परिसर में हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता जनपद अध्यक्ष प्यारे सिंह यादव ‘शिशु’ ने की।कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती के चित्र के समक्ष दीप प्रज्ज्वलित कर किया गया। अतिथियों एवं पदाधिकारियों ने मां सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण कर पुष्प अर्पित किए। इसके बाद परिषद के संस्थापक स्वर्गीय त्रिपुरारी शरण के चित्र पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की गई। वरिष्ठ कवि एवं समीक्षक महेश मित्र ने सरस्वती वंदना प्रस्तुत की।
परिषद के महामंत्री दिलीप अग्रवाल ने स्वर्गीय त्रिपुरारी शरण के जीवन परिचय के साथ उनके कृतित्व एवं व्यक्तित्व पर प्रकाश डाला। सेवानिवृत्त डिप्लोमा इंजीनियर संघ के अध्यक्ष राधेश्याम ने कहा कि पेंशनर्स को आठवें वेतन आयोग के दायरे से बाहर किए जाने के प्रयास का संगठन व्यापक रूप से विरोध कर रहा है।वरिष्ठ नागरिक एवं पेंशनर्स सेवा संस्थान के जनपद अध्यक्ष प्रमोद मिश्रा ने कहा कि सिविल सर्विसेज पेंशन नियमावली वैधता अधिनियम में संशोधन कर पेंशनर्स को आठवें वेतन आयोग के लाभों से वंचित किए जाने की बात से पेंशनर्स में आक्रोश है। उन्होंने सरकार से अपना निर्णय वापस लेने की मांग की।
संयुक्त पेंशनर्स कल्याण समिति उत्तर प्रदेश के जनपद अध्यक्ष संतोष शर्मा ने कहा कि समिति की ओर से तीन बार प्रधानमंत्री को ज्ञापन दिए जाने के बावजूद आठवें वेतन आयोग के लाभों को लेकर सरकार की स्थिति अभी स्पष्ट नहीं हुई है। उन्होंने पेंशनर्स के हित में सरकार से अपना रुख स्पष्ट करने की मांग की।कार्यक्रम में विद्युत पेंशन परिषद के सचिव शमशाद हुसैन, डिप्लोमा इंजीनियर संघ के भूपाल सिंह तथा सेवानिवृत्त पुलिस विभाग एसोसिएशन के सूरजभान शर्मा और वीरेंद्र सिंह तोमर ने भी विचार व्यक्त किए।
इस अवसर पर विभिन्न संगठनों में योगदान देने वाले अशोक सक्सेना, प्रमोद मिश्रा, गुलाब सिंह राठौर, आचार्य प्रताप सिंह, ओम प्रकाश शर्मा, ब्रजेश चौहान, राधेश्याम, सूरजभान शर्मा, भूपाल सिंह, शमशाद हुसैन, अरुण कुमार अग्निहोत्री और वीरेंद्र सिंह तोमर को परिषद की ओर से सम्मानित किया गया। वहीं स्काउट गाइड संस्था के प्रांतीय वरिष्ठ उपाध्यक्ष महेश चंद्र सक्सेना, वरिष्ठ कवि डॉ. उमाशंकर राही, डॉ. रामबहादुर व्यथित एवं महेश मित्र को काव्य क्षेत्र में योगदान के लिए सम्मानित किया गया। सम्मानित कवियों ने अपनी ओजपूर्ण रचनाएं प्रस्तुत कर कार्यक्रम में साहित्यिक रंग भर दिया।कार्यक्रम में रामस्वरूप वर्मा, वेद प्रकाश गंगवार, महेंद्र सिंह यादव, राधेश्याम, बहोरनलाल, रमेश चंद्र राठौर, जगदीश कुमार त्रिपाठी, विकार अहमद, आर्येंद्र कुमार सिंह, तारा चंद्र, रूपकिशोर, महेंद्रपाल, प्रेमपाल, हरिप्रसाद, मनसुखलाल गुप्ता, टीआर वर्मा, प्यारे लाल पाल, श्याम चंद्र गुप्ता, सुरेश यादव, कामता प्रसाद सहित बड़ी संख्या में पेंशनर्स एवं पदाधिकारी मौजूद रहे। कार्यक्रम का संचालन परिषद के वरिष्ठ उपाध्यक्ष संतोष शर्मा ने किया। कार्यक्रम की जानकारी परिषद के मीडिया प्रभारी दिलीप अग्रवाल ने दी।
















































































