बदायूं। गणेश चतुर्थी के पावन अवसर पर बीआरबी मॉडल स्कूल में भगवान श्री गणेश की विधि-विधान एवं श्रद्धापूर्वक पूजा-अर्चना कर स्थापना की गई। इस अवसर पर विद्यालय परिसर भक्तिमय वातावरण और आध्यात्मिक उल्लास से सराबोर नजर आया। कार्यक्रम में विद्यालय प्रबंधन, प्रधानाचार्य, सभी समन्वयकों, शिक्षकगण एवं समस्त स्टाफ सदस्यों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। विधि-विधान के साथ भगवान गणेश का पूजन-अर्चन कर विद्यालय एवं समस्त विद्यालय परिवार की सुख-समृद्धि, शांति, सफलता और मंगलमय भविष्य की कामना की गई। इस दौरान भगवान गणेश को बुद्धि, विवेक, समृद्धि एवं शुभारंभ का प्रतीक बताते हुए उनके आशीर्वाद की प्रार्थना की गई। कार्यक्रम के दौरान विद्यालय परिसर में भक्ति, उल्लास और आपसी एकता का सुंदर संगम देखने को मिला। सभी ने भगवान गणेश से विद्यालय परिवार के लिए निरंतर प्रगति एवं खुशहाली की कामना की।