बदायूं। द ब्लॉसम्स स्कूल के विद्यार्थियों के आध्यात्मिक एवं नैतिक विकास के उद्देश्य से विद्यालय की ओर से सिटी मॉल, बदायूं में पूज्य बाबा नीब करौरी महाराज के दिव्य जीवन पर आधारित प्रेरणादायी फिल्म ‘हनुमान अंश’ का विशेष शो आयोजित किया गया। इसमें कक्षा 1 से 5 तक के विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया।बड़े पर्दे पर विद्यार्थियों ने बाबा नीब करौरी महाराज के जीवन, उनकी सेवा भावना और मानव कल्याण के संदेश को देखा। फिल्म के माध्यम से बच्चों को सेवा, सम्मान, संस्कार और ईश्वर के प्रति आस्था जैसे मूल्यों की प्रेरणा मिली।फिल्म के समापन के बाद सभागार का वातावरण भक्तिमय हो गया। विद्यालय के सभी नन्हे-मुन्ने विद्यार्थियों ने एक स्वर में सामूहिक हनुमान चालीसा का पाठ किया। जयकारों से पूरा सभागार गूंज उठा और बच्चों की भक्ति देखते ही बनी। कार्यक्रम के अंत में विद्यालय की प्रधानाचार्या सुमन सोलंकी ने सभी विद्यार्थियों को मोदक का प्रसाद वितरित किया। उन्होंने कहा कि द ब्लॉसम्स स्कूल का उद्देश्य केवल किताबी ज्ञान प्रदान करना नहीं, बल्कि विद्यार्थियों को भारतीय संस्कृति, संस्कार और महान संतों के आदर्शों से जोड़ना भी है। इसी उद्देश्य के तहत यह विशेष आयोजन किया गया। कार्यक्रम का समापन ‘सीता राम’, ‘जय हनुमान’ और ‘जय महाराज जी’ के जयघोष के साथ हुआ।