सलाद प्रस्तुतीकरण कार्यशाला में छात्राओं ने दिखाई रचनात्मकता
बरेली। विकास क्षेत्र क्यारा के पूर्व माध्यमिक विद्यालय वारीनगला में आज लर्निंग बाय डूइंग कार्यक्रम के अंतर्गत पाक कला विषय में सलाद प्रस्तुतीकरण कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यशाला में छात्राओं को सलाद को आकर्षक एवं कलात्मक ढंग से प्रस्तुत करने के गुर सिखाए गए।कार्यशाला में पाक कला में सलाद प्रस्तुतीकरण के महत्व को समझाते हुए मेंटर प्रीति शर्मा एवं आशा राणा ने छात्राओं को बताया कि बेहतरीन प्रस्तुतीकरण साधारण सलाद को भी आकर्षक और स्वादिष्ट व्यंजन में बदल सकता है। पेशेवर एवं आकर्षक प्रस्तुतीकरण किसी भी रेस्तरां के स्तर और उसकी साख को बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है।
उन्होंने बताया कि आधुनिक परिवेश में प्रोफेशनल शेफ सलाद को केवल भोजन की शुरुआत के रूप में नहीं, बल्कि प्लेट पर अपनी रचनात्मकता और कलात्मकता प्रदर्शित करने के माध्यम के रूप में भी इस्तेमाल कर रहे हैं। कहा कि हम सबसे पहले अपनी आंखों से खाना खाते हैं। रंग-बिरंगी और व्यवस्थित ढंग से सजी प्लेट देखते ही ग्राहकों एवं मेहमानों की भूख बढ़ जाती है।
छात्राओं को सलाद में रंगों के संतुलन के बारे में भी जानकारी दी गई। बताया गया कि टमाटर का लाल, खीरे का हरा, गाजर का नारंगी तथा शिमला मिर्च के पीले-हरे रंग का संतुलित संयोजन प्लेट को जीवंत और आकर्षक बना देता है। वहीं सलाद की बनावट और ड्रेसिंग का सही उपयोग उसके स्वाद को बढ़ाने के साथ-साथ ताजगी बनाए रखने में भी सहायक होता है। सुंदर ढंग से प्रस्तुत किया गया सलाद लोगों को स्वस्थ विकल्प चुनने के लिए भी प्रेरित करता है।मेंटर्स ने बताया कि सलाद प्रस्तुतीकरण शेफ को अपनी रचनात्मकता प्रदर्शित करने की पूरी स्वतंत्रता देता है। इसमें सलाद को ऊंचाई देना, विभिन्न मोल्ड्स का प्रयोग करना तथा सॉस के माध्यम से आकर्षक प्लेटिंग करना शामिल है।कार्यशाला में विद्यालय की छात्राओं ऊषा, संध्या, भावना, सोनी, सिया, दृश्या, अंजली, प्राची, खुशबू, दिव्यांश, पूजा और कोमल ने शानदार प्रस्तुतियां दीं। छात्राओं की रचनात्मकता और प्रयासों की सराहना करते हुए प्रधानाध्यापक डॉ. विनोद कुमार शर्मा एवं विज्ञान शिक्षक नवनीत कुमार यादव ने श्रेष्ठ प्रदर्शन करने वाली छात्राओं को पुरस्कृत कर उनका उत्साहवर्धन किया।
















































































