जेडी कार्यालय पर गरजे आउटसोर्स कर्मचारी
बरेली। दो माह से लंबित मानदेय, टेंडर प्रक्रिया में लगातार हो रही देरी और सेवा सुरक्षा की मांग को लेकर सोमवार को आउटसोर्स कर्मचारियों का आक्रोश सड़क पर दिखाई दिया। शिक्षणेत्तर कर्मचारी संयुक्त परिषद के वरिष्ठ प्रदेश उपाध्यक्ष हरी शंकर के नेतृत्व में बड़ी संख्या में आउटसोर्स कर्मचारियों ने संयुक्त शिक्षा निदेशक, बरेली मंडल, बरेली के कार्यालय का घेराव कर जमकर नारेबाजी की। घेराव के दौरान कर्मचारियों ने लंबित मानदेय का भुगतान करो टेंडर प्रक्रिया शीघ्र पूरी करो और आउटसोर्स कर्मचारियों को सेवा सुरक्षा दो जैसे नारों से अपनी आवाज बुलंद की। कर्मचारियों का कहना था कि वे विद्यालयों में लगातार अपनी सेवाएं दे रहे हैं, लेकिन दो माह का मानदेय लंबित होने से उनके परिवारों के सामने आर्थिक संकट खड़ा हो गया है।टेंडर में देरी से बढ़ी बेचैनीकर्मचारियों ने कहा कि टेंडर प्रक्रिया में हो रही देरी के कारण हजारों आउटसोर्स कर्मचारियों के सामने रोजगार को लेकर अनिश्चितता बनी हुई है। लंबे समय से सेवाएं दे रहे कर्मचारियों को भविष्य की चिंता सता रही है। परिषद ने मांग की कि टेंडर प्रक्रिया में अनावश्यक विलंब समाप्त कर उसे शीघ्र पूरा कराया जाए। इस सयुंक्त शिक्षा निदेशक रामज्ञा कुमार द्वारा सभी आउटसोर्स कर्मियों को आश्वासन दिया गया कि शीघ्र ही टेंडर प्रक्रिया पूर्ण कर जल्द ही सभी का मानदेय निर्गत कराया जाएगा। परिषद के वरिष्ठ प्रदेश उपाध्यक्ष हरी शंकर ने कहा कि आउटसोर्स कर्मचारी विद्यालय व्यवस्था का महत्वपूर्ण हिस्सा हैं। उनसे नियमित रूप से काम लिया जा रहा है, लेकिन उनके मानदेय और भविष्य की सुरक्षा के मामले में लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। प्रदेश सचिव शैलेश सिंह ने कहा कि दो माह का लंबित मानदेय तत्काल जारी किया जाए, टेंडर प्रक्रिया शीघ्र पूरी की जाए और आउटसोर्स कर्मचारियों को सेवा सुरक्षा प्रदान की जाए। मण्डल अध्यक्ष हरिओम शर्मा व मण्डल सयोंजक सागर सर्मेन्द्र कुमार ने कहा कि कर्मचारियों की समस्याओं का समाधान नहीं हुआ तो परिषद आंदोलन को और व्यापक रूप देने से पीछे नहीं हटेगी। घेराव के दौरान कर्मचारियों ने एकजुट होकर विभागीय अधिकारियों के समक्ष अपनी मांगें रखीं। बड़ी संख्या में कर्मचारियों की मौजूदगी और लगातार नारेबाजी के कारण जेडी कार्यालय परिसर में काफी देर तक गहमागहमी बनी रही। वरिष्ठ जिला उपाध्यक्ष कामरान आरिफ व जिला मंत्री सूरज प्रकाश श्रीवास्तव ने सयुंक्त रूप से कहा कर्मचारियों का संदेश साफ—अब आश्वासन नहीं, समाधान चाहिए कर्मचारियों ने स्पष्ट किया कि अब केवल आश्वासन से काम नहीं चलेगा। लंबित मानदेय का भुगतान, टेंडर प्रक्रिया का शीघ्र निस्तारण और सेवा सुरक्षा उनकी प्रमुख मांगें हैं। परिषद ने कहा कि मांगों पर प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई तो आने वाले दिनों में आंदोलन को और तेज किया जाएगा। इस दौरान सह. सयोंजक परम किशोर , जिला कोषाध्यक्ष मुहम्मद फैसल,जिला उपाध्यक्ष तिलक राम, जिला उप सचिव शिशुपाल,अरुण कुमार यादव,सुशील कुमार, मनोज गौतम, अजय बाबू, सोहनी, अनीता, कोमल, अंशुअभिषेक गुर्जर, सत्य प्रकाश, ललित सक्सेना,यादव, नूरजहाँ, रवि गौतम अजय कुमार, नरेश,अर्जुन सिंह, दीपक,शिव कुमार, करन सगीर, सलीम राम निवास आदि कर्मचारी उपस्थित रहे।
















































































