बरेली। जल जीवन मिशन के तहत विभिन्न ब्लॉकों में पानी की टंकियों पर तैनात पंप ऑपरेटरों ने एनसीसी कंपनी पर श्रम कानूनों के उल्लंघन और शोषण का आरोप लगाते हुए वेतन बढ़ाने की मांग की है। ऑपरेटरों का कहना है कि उनसे निर्धारित कार्य अवधि से अधिक समय तक ड्यूटी ली जा रही है। इसके बावजूद उन्हें मात्र पांच हजार रुपये प्रतिमाह का भुगतान किया जा रहा है। ऑपरेटरों ने बताया कि बिजली के उच्च क्षमता वाले पैनल और भारी पंपों के संचालन का कार्य जोखिमपूर्ण है, लेकिन कंपनी की ओर से ईएसआई, दुर्घटना बीमा अथवा स्वास्थ्य सुरक्षा जैसी सुविधाएं उपलब्ध नहीं कराई जा रही हैं। कई कर्मचारियों को वैध पहचान पत्र भी नहीं दिए गए हैं। उनका आरोप है कि कुछ कर्मचारियों का पीएफ काटा जा रहा है, जबकि कुछ का नहीं। ऑपरेटरों ने प्रशासन से आठ घंटे की ड्यूटी निर्धारित करने, न्यूनतम वेतन लागू करने, ईएसआई-पीएफ की सुविधा देने और सभी कर्मचारियों को पहचान पत्र जारी कराने की मांग की है।ज्ञापन के दौरान भोलानाथ , हरिपाल , हरीश बाबू , अभिषेक , सर्वेश , अनिल , अमरसिंह , कुलदीप , मोहम्मद आरिफ , अजय पाल आदि मौजूद थे ।