बदायूं। श्री श्री मां दुर्गा पूजा महोत्सव युवा कमेटी बदायूं की निर्णायक बैठक शनिवार को आयोजित की गई। बैठक में आगामी दुर्गा पूजा महोत्सव की तैयारियों को लेकर विस्तार से विचार-विमर्श किया गया और कार्यक्रम की रूपरेखा को अंतिम रूप दिया गया। समिति की ओर से इस बार महोत्सव को पहले से अधिक भव्य, आकर्षक और व्यवस्थित रूप से आयोजित करने की तैयारी की जा रही है। कमेटी के पदाधिकारियों ने बताया कि इस बार मां दुर्गा की प्रतिमा को प्राकृतिक स्वरूप प्रदान करने पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। प्रतिमा निर्माण के लिए बंगाल से मूर्तिकार बुलाए जा रहे हैं, जो पारंपरिक शैली में मां की प्रतिमा तैयार करेंगे। आयोजन गीता भवन में किया जाएगा। महोत्सव का शुभारंभ 16 अक्टूबर 2026 से होगा, जबकि 20 अक्टूबर को मां की प्रतिमा के विसर्जन के साथ आयोजन का अंतिम पड़ाव होगा।कार्यक्रम की रूपरेखा तैयार होने के साथ ही मां दुर्गा के भक्तों में उत्साह और उमंग दिखाई देने लगी है। कमेटी के सदस्य आयोजन को श्रद्धा, भक्ति और सांस्कृतिक परंपराओं के अनुरूप भव्य रूप देने में जुट गए हैं। बैठक में आयोजन की व्यवस्थाओं, कार्यक्रमों और तैयारियों को लेकर जिम्मेदारियां भी तय की गईं।बैठक को सफल बनाने में मुकेश, सावन, सौरभ, अर्जुन, विवेक, अंकित, रवि, शांतनु, ध्रुव, आयुष्मान, रोहन, मदन, नमन, कुणाल, अक्षत सहित कमेटी के अन्य सदस्यों का महत्वपूर्ण योगदान रहा।