वजीरगंज में खिलेगा खेल प्रतिभाओं का मैदान, महेश चंद्र गुप्ता की कोशिशें रंग लाई
बदायूं। बदायूं विधानसभा क्षेत्र के वजीरगंज नगर को विकास के साथ खेल सुविधाओं के क्षेत्र में भी बड़ी सौगात मिली है। शहर विधायक एवं पूर्व राज्य मंत्री महेश चंद्र गुप्ता के लगातार प्रयासों के बाद वजीरगंज के वार्ड संख्या-06 में बहुउद्देश्यीय खेल सुविधाओं से युक्त खेल मैदान विकसित करने के लिए लगभग 98 लाख रुपये की धनराशि स्वीकृत की गई है। इस परियोजना की कार्यदायी संस्था नगर पंचायत वजीरगंज होगी।वजीरगंज में एक बेहतर खेल मैदान विकसित कराने की मांग लंबे समय से उठती रही थी। शहर विधायक महेश चंद्र गुप्ता भी पिछले कई वर्षों से इस दिशा में प्रयासरत थे। प्रदेश के खेल मंत्री गिरीश यादव ने भी इसके लिए प्रयास किए, लेकिन उपयुक्त भूमि उपलब्ध न होने के कारण प्रस्ताव लंबे समय तक आगे नहीं बढ़ सका। इसके बावजूद विधायक ने इस मांग को लेकर प्रयास जारी रखे और अब मुख्यमंत्री नगरोदय योजना के तहत परियोजना को मंजूरी मिल गई है।लगभग एक करोड़ रुपये की लागत से विकसित होने वाले इस बहुउद्देश्यीय खेल मैदान से वजीरगंज के युवाओं और खिलाड़ियों को स्थानीय स्तर पर बेहतर खेल सुविधाएं उपलब्ध हो सकेंगी। आधुनिक सुविधाओं से युक्त मैदान तैयार होने के बाद क्षेत्र की खेल प्रतिभाओं को अपनी प्रतिभा निखारने और प्रतियोगिताओं की तैयारी करने के लिए बेहतर मंच मिलने की उम्मीद है।शहर विधायक महेश चंद्र गुप्ता ने कहा कि वजीरगंज में खेल मैदान विकसित कराना क्षेत्र के युवाओं और खिलाड़ियों की लंबे समय से चली आ रही मांग थी। उपयुक्त भूमि उपलब्ध न होने के कारण यह कार्य लगातार अटक रहा था, लेकिन उन्होंने इस प्रयास को छोड़ा नहीं। प्रदेश सरकार के सहयोग और लगातार किए गए प्रयासों के परिणामस्वरूप अब मुख्यमंत्री नगरोदय योजना के अंतर्गत लगभग एक करोड़ रुपये की धनराशि स्वीकृत हुई है।उन्होंने कहा कि यह केवल एक खेल मैदान नहीं, बल्कि वजीरगंज के युवाओं के सपनों को नई उड़ान देने वाला केंद्र बनेगा। सरकार का संकल्प गांव से लेकर नगर तक युवाओं को बेहतर खेल सुविधाएं उपलब्ध कराना है। उन्होंने कहा कि बदायूं विधानसभा क्षेत्र में विकास की यात्रा लगातार जारी है और जनता की आवश्यकताओं एवं मांगों को प्राथमिकता के आधार पर पूरा कराने के लिए हरसंभव प्रयास किए जाएंगे।
















































































