हॉपयूनिटी हेल्पिंग वेलफेयर फाउंडेशन ने शिक्षक उत्कृष्टता सम्मान समारोह में 50 शिक्षको को सम्मानित किया
बदायूं। शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान देने वाले शिक्षकों के सम्मान में हॉपयूनिटी हेल्पिंग वेलफेयर फाउंडेशन की ओर से शनिवार को राजमहल गार्डन में शिक्षक उत्कृष्टता सम्मान-2026 समारोह का आयोजन किया गया। समारोह में उत्तर प्रदेश के विभिन्न जनपदों के अलावा दिल्ली, प्रयागराज एवं अन्य क्षेत्रों से शिक्षक, प्रोफेसर, शिक्षाविद् तथा सामाजिक कार्यकर्ता शामिल हुए। इस दौरान करीब 50 शिक्षकों को उनके शैक्षिक एवं सामाजिक योगदान के लिए सम्मानित किया गया।कार्यक्रम की अध्यक्षता सेवानिवृत्त प्रशासनिक अधिकारी भीम सेन सागर ने की। मुख्य अतिथि हिंदू कॉलेज, मुरादाबाद के समाजशास्त्र विभागाध्यक्ष डॉ. रमाकांत ठाकुर रहे। विशिष्ट अतिथियों में एमजेपी रुहेलखंड विश्वविद्यालय बरेली के शिक्षा संकाय के अधिष्ठाता डॉ. मनवीर सिंह, जेएस हिंदू कॉलेज अमरोहा के डॉ. अशोक रुस्तगी, राजकीय महाविद्यालय बदायूं की डॉ. श्रद्धा गुप्ता, डॉ. जायसवाल, कांठ डिग्री कॉलेज की डॉ. नौम्य प्रिया, दिल्ली विश्वविद्यालय के डॉ. मुख्तियार सिंह, डॉ. बीना रुस्तगी, डॉ. अनिल, डॉ. सुषमा, श्याम प्रकाश, कैलाश बाबू, प्रयागराज के लिटिल स्कूल के संस्थापक अचल सिंह तथा शेखूपुर केंद्रीय विद्यालय के प्रधानाचार्य नरेश सहलोत सहित अन्य गणमान्य लोग मौजूद रहे।
रीच फाउंडेशन दिल्ली के संस्थापक संजय सागर की मौजूदगी ने कार्यक्रम को सामाजिक सरोकारों से जोड़ा। समारोह का शुभारंभ भगवान बुद्ध की प्रतिमा पर पुष्प अर्पित कर किया गया। इस दौरान अतिथियों ने शिक्षा के क्षेत्र में शिक्षकों की भूमिका पर विचार व्यक्त किए। वक्ताओं ने कहा कि शिक्षक विद्यार्थियों को केवल शिक्षा ही नहीं देते, बल्कि उनके चरित्र, संस्कार, सोच और भविष्य को दिशा देने का कार्य भी करते हैं। इसलिए शिक्षक समाज और राष्ट्र के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
संस्था के निदेशक डॉ. कृष्ण सिंह ने अतिथियों एवं सम्मानित शिक्षकों का स्वागत करते हुए कहा कि शिक्षक नई पीढ़ी के चरित्र और भविष्य का निर्माण करने वाले राष्ट्र निर्माता हैं। उन्होंने कहा कि शिक्षक का योगदान कक्षा तक सीमित नहीं रहता, बल्कि उसका प्रभाव आने वाली पीढ़ियों पर पड़ता है। समाज में शिक्षकों के सम्मान को विशेष प्राथमिकता मिलनी चाहिए।
संस्था के सचिव राधेश्याम ने मुख्य अतिथि, अध्यक्ष, विशिष्ट अतिथियों एवं सम्मानित शिक्षकों का सम्मान किया। कार्यक्रम की सफलता में अक्षज रस्तोगी, आरके राजमहल गार्डन, हीरो, कृष्णा डायमंड एवं रीच फाउंडेशन सहित सहयोगियों का योगदान रहा। संस्था की सदस्य वसुंधरा, स्वीटी महेश्वरी, आकाश शर्मा, राजकुमार गौतम, संजय सिंह, योगेश कुमार सिंह, पूजा, ज्योति सागर, कुमकुम, हिवा, मंतशा सहित स्वयंसेवकों ने आयोजन में सहयोग किया।
समापन पर डॉ. कृष्ण सिंह ने सभी अतिथियों, सम्मानित शिक्षकों, सहयोगियों एवं उपस्थित लोगों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि शिक्षकों के योगदान को सम्मान देने की यह पहल आगे भी जारी रहेगी।
















































































