सहसवान। विधानसभा क्षेत्र के ग्राम सिरतौल में आयोजित पावन गोगा जी महाराज मेले का शनिवार को विधिवत शुभारंभ एमएलसी प्रतिनिधि शारदेदु पाठक ने फीता काटकर किया। मेले के शुभारंभ से पूर्व उन्होंने गोगा जी महाराज एवं जाहरवीर बाबा के पावन धाम में पहुंचकर विधि-विधान से पूजा-अर्चना की तथा क्षेत्रवासियों के सुख, समृद्धि, उत्तम स्वास्थ्य और खुशहाली की कामना की। इस अवसर पर शारदेदु पाठक ने एमएलसी वागीश पाठक की विधायक/एमएलसी निधि से करीब 13 लाख रुपये की लागत से निर्मित सीसी रोड का लोकार्पण भी किया। उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में विकास कार्यों के माध्यम से लोगों को बेहतर मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने का प्रयास लगातार किया जा रहा है।मेले के शुभारंभ अवसर पर उन्होंने कहा कि धार्मिक एवं सांस्कृतिक आयोजन भारतीय संस्कृति की अमूल्य धरोहर हैं। ऐसे आयोजन समाज में आपसी प्रेम, भाईचारे और सामाजिक एकता को मजबूत करते हैं। उन्होंने कहा कि लोक परंपराओं और आस्था से जुड़े आयोजनों को संरक्षित रखना हम सभी की जिम्मेदारी है।उन्होंने ग्रामीणों और श्रद्धालुओं से सामाजिक सद्भाव बनाए रखने तथा अपनी संस्कृति और परंपराओं को नई पीढ़ी तक पहुंचाने का आह्वान किया। मेले में बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी, श्रद्धालु एवं गणमान्य लोग मौजूद रहे। इस दौरान गोगा जी महाराज और जाहरवीर बाबा के जयकारों से पूरा मेला परिसर भक्तिमय हो गया।