बरेली। एसआरएमएस मेडिकल कॉलेज में 12 और 13 सितंबर को दो दिवसीय कोलोप्रोक्टोलॉजी कांफ्रेंस एवं ट्रेनिंग वर्कशॉप आयोजित होगी। एसोसिएशन ऑफ सर्जन ऑफ इंडिया के बरेली चैप्टर के सहयोग से होने वाले आयोजन में देश के करीब 40 नामचीन विशेषज्ञ सर्जन गुदा और बड़ी आंत से संबंधित रोगों के अत्याधुनिक उपचार की जानकारी साझा करेंगे। वर्कशॉप में पाइल्स, फिशर, फिस्टुला और पाइलोनाइडल साइनस के लेजर उपचार की तकनीक का प्रशिक्षण दिया जाएगा। साथ ही 20 मरीजों का निशुल्क ऑपरेशन किया जाएगा। ऑपरेशन का लाइव प्रसारण ऑडिटोरियम और कांफ्रेंस हॉल में किया जाएगा, जिससे चिकित्सकों और पीजी विद्यार्थियों को प्रशिक्षण मिलेगा। आयोजन के दौरान वरिष्ठ सर्जन डॉक्टर आईएस तोमर को विशिष्ट सेवाओं के लिए लाइफ टाइम अचीवमेंट अवार्ड और वरिष्ठ आयुर्वेदिक शल्य चिकित्सक डॉक्टर लालता प्रसाद को सम्मानित किया जाएगा। आयोजकों के अनुसार, कांफ्रेंस में 275 से अधिक डेलीगेट्स और पीजी विद्यार्थियों ने पंजीकरण कराया है। इस अवसर पर एसोसिएशन आफ सर्जन आफ इंडिया के बरेली चैप्टर अध्यक्ष डॉक्टर कौशल कुमार, सेक्रेटरी डॉक्टर सुजॉय मुखर्जी भी मौजूद रहे।