बरेली। 42वा श्री गणेश महोत्सव के अवसर पर 13 से 16 सितंबर तक विभिन्न धार्मिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। 14 सितंबर को शोभायात्रा का भव्य आयोजन होगा। शोभायात्रा में अंतरराष्ट्रीय स्तर के कलाकार मुख्य आकर्षण होंगे। गणेश उत्सव समिति के अध्यक्ष दिलीप खंडेलवाल ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया कि शोभायात्रा में उत्तर प्रदेश सरकार के वन मंत्री डॉ अरुण कुमार, महापौर डॉक्टर उमेश गौतम और विधायक संजीव अग्रवाल की उपस्थिती उल्लेखनीय होगी। इसके अतिरिक्त शहर के तमाम गणमान्य नागरिक शोभायात्रा में शामिल होंगे।संरक्षक राजू खंडेलवाल ने बताया कि चार दिवसीय आयोजन में गणेश पूजन, भजन संध्या, शोभायात्रा, रुद्राभिषेक, यज्ञ और गणेश प्रतिमा विसर्जन कार्यक्रम होंगे। जारी कार्यक्रम के अनुसार 13 सितंबर को शाम छह बजे गणेश पूजन एवं भजन संध्या तथा रात 8:30 बजे आरती और भंडारा होगा 14सितंबर को दोपहर 1:30 बजे भगवान गणेश की भव्य शोभायात्रा निकाली जाएगी। शोभायात्रा हनुमान मंदिर, सिविल लाइंस से शुरू होकर कुतुबखाना, शिवाजी मार्ग, मठकी चौकी, साहू गोपीनाथ, श्यामगंज, गंगापुर मोड़, कोहली और नागपंचमी ग्राउंड होते हुए श्री राधा कृष्ण मंदिर मारवाड़ीगंज पहुंचेगी। इसके बाद बाबा त्रिवटी नाथ मंदिर में विश्राम होगा। 15 सितंबर को शाम छह बजे प्रदोष पूजन (रुद्राभिषेक) तथा रात 8:30 बजे आरती होगी। 16 सितंबर को सुबह 11 बजे श्री गणेश जी महाराज की पूर्ण आहुति एवं यज्ञ आयोजित किया जाएगा। इसके बाद दोपहर एक बजे गणेश प्रतिमा विसर्जन यात्रा रामगंगा तट के लिए रवाना होगी। समिति के महामंत्री सुनील गुप्ता, और सुनील खंडेलवाल ,पंडित कैलाश शर्मा, अभिषेक गौड़, अजय राज शर्मा, संजीव अग्रवाल, प्रथमेश गुप्ता आदि उपस्थित थे । दिलीप ने जानकारी दी कि सभी कार्यक्रम श्री राधा कृष्ण मंदिर, मारवाड़ीगंज में आयोजित किए जाएंगे।