बरेली। महात्मा ज्योतिबा फुले रुहेलखंड विश्वविद्यालय में राष्ट्रीय खेल दिवस के उपलक्ष्य में आयोजित तीन दिवसीय खेल महोत्सव का रविवार को उत्साहपूर्ण समापन हुआ। 28 से 30 अगस्त तक चले इस आयोजन में विश्वविद्यालय के विद्यार्थियों ने विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं और शारीरिक गतिविधियों में बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। समापन दिवस पर विश्वविद्यालय खेल परिसर में सुबह एथलेटिक्स प्रतियोगिताएं आयोजित हुईं। 100 मीटर दौड़ में कार्तिक लोहानी (ECE) प्रथम, सार्थक गंभीर द्वितीय और सनी गैंग तृतीय रहे। 400 मीटर दौड़ में प्रदीप कुमार (ECE) ने पहला स्थान प्राप्त किया, जबकि अंकुर सिंह (MBA) दूसरे और धर्मेंद्र कुमार (ECE) तीसरे स्थान पर रहे। लॉन्ग जंप में धर्मेंद्र कुमार विजेता बने। गोला फेंक प्रतियोगिता में कुणाल सिंह (AI) ने पहला स्थान हासिल किया। शाम को फुटबॉल प्रतियोगिता का आयोजन हुआ, जिसमें खिलाड़ियों ने टीमवर्क, अनुशासन और खेल भावना का शानदार प्रदर्शन किया। पूरे आयोजन के दौरान विद्यार्थियों में खेलों को लेकर विशेष उत्साह देखने को मिला। विश्वविद्यालय के खेल सचिव प्रो. एस.एस. बेदी ने कहा कि “खेलो इंडिया, बढ़ेगा इंडिया” स्वस्थ और सशक्त भारत के निर्माण का संकल्प है। उन्होंने विद्यार्थियों से पढ़ाई के साथ नियमित रूप से खेलों को जीवन का हिस्सा बनाने की अपील करते हुए कहा कि डिजिटल युग में शारीरिक और मानसिक फिटनेस के लिए खेल बेहद जरूरी हैं। प्रो. बेदी ने आयोजन को सफल बनाने में स्पोर्ट्स कमेटी, प्रशिक्षकों और सभी सहयोगियों का आभार व्यक्त किया तथा विश्वविद्यालय में नियमित खेल संस्कृति विकसित करने के लिए “एक घंटा खेल के मैदान में” अभियान को आगे बढ़ाने की बात कही।