बरेली। द्वितीय श्री के.के. अग्रवाल इंटर-स्कूल बैडमिंटन टूर्नामेंट (श्री के.के. अग्रवाल कप-2026) के तीसरे दिन रविवार को विभिन्न आयु वर्गों के मुकाबले रोमांचक रहे। शहर के कई स्कूलों के खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए फाइनल में जगह बनाई और कुछ वर्गों में खिताब भी अपने नाम किए। अंडर-11 एकल बालक वर्ग में सेक्रेड हार्ट स्कूल के आरव यादव और बीबीएल पब्लिक स्कूल के युग भारद्वाज ने जीत दर्ज कर अगले दौर में प्रवेश किया। अंडर-11 बालिका वर्ग में बीबीएल पब्लिक स्कूल की लवन्या अरोरा विजेता रहीं। अंडर-11 युगल बालिका वर्ग में आर्मी पब्लिक स्कूल की आराध्या-जानवी तथा बीबीएल पब्लिक स्कूल की वान्या-आदिश्री ने फाइनल में जगह बनाई।अंडर-13 एकल बालक वर्ग में माधवराव सिंधिया स्कूल के सूर्यांश और बीबीएल पब्लिक स्कूल के अनय गंगवार फाइनल में पहुंचे, जबकि बालिका वर्ग में चिक्कर इंटरनेशनल स्कूल की रीत सिंह ने फाइनल में जीत हासिल की। युगल बालक वर्ग में सेक्रेड हार्ट स्कूल के कुशाग्र-अग्रिम और बीबीएल के अमोघ-अनघ ने फाइनल में प्रवेश किया। अंडर-15 एकल बालक वर्ग में बीबीएल के स्वरित कन्नौजिया और बिशप चाइल्ड केयर स्कूल के रुद्र प्रताप फाइनल में पहुंचे। बालिका वर्ग में माधवराव सिंधिया स्कूल की अनुष्का चौधरी और नारायणा ई-टेक्नो स्कूल की पीहू ने फाइनल के लिए स्थान सुरक्षित किया। युगल बालक वर्ग में बीबीएल के यश भारद्वाज और श्लोक शुक्ला ने फाइनल में जगह बनाई।अंडर-17 वर्ग में बीबीएल पब्लिक स्कूल के रुद्रांश मेहदीरत्ता ने एकल बालक वर्ग में जीत दर्ज की, जबकि बालिका वर्ग में चिक्कर इंटरनेशनल की श्रेया विजेता रहीं। अंडर-17 युगल बालक वर्ग का खिताब बीबीएल पब्लिक स्कूल के स्पर्श अरोरा और रुद्रांश शर्मा ने जीके सिटी मॉन्टेसरी स्कूल की जोड़ी को 2-1 से हराकर अपने नाम किया। वहीं बालिका युगल वर्ग में विद्या वर्ल्ड पब्लिक स्कूल की साक्षी और पायल ने शानदार जीत दर्ज की।