बदायूँ। राष्ट्रीय खेल दिवस के अवसर पर अलापुर रोड स्थित जीलाॅट पब्लिक स्कूल में विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं का आयोजन उत्साह और उमंग के साथ किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत प्रार्थना सभा एवं विद्यार्थियों को खेल भावना की शपथ दिलाकर की गई। प्रतियोगिताओं में छात्र-छात्राओं ने बढ़-चढ़कर प्रतिभाग करते हुए अपनी खेल प्रतिभा का प्रदर्शन किया। विद्यालय में दौड़, लैमन रेस, बैलून रेस, बिस्कुट रेस, फ्रॉग रेस, बैक रेस और रस्साकशी सहित विभिन्न प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं। प्रतियोगिताओं के दौरान विद्यार्थियों में जीत को लेकर खासा उत्साह दिखाई दिया। बच्चों ने पूरे जोश और खेल भावना के साथ प्रतियोगिताओं में भाग लिया। विभिन्न स्पर्धाओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को विद्यालय की ओर से पदक और प्रमाण-पत्र देकर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर विद्यालय की प्रधानाचार्या ज्योति लता ने विद्यार्थियों को खेलों के महत्व के बारे में जानकारी दी। उन्होंने कहा कि खेल केवल शारीरिक स्वास्थ्य के लिए ही महत्वपूर्ण नहीं हैं, बल्कि इनके माध्यम से विद्यार्थियों में अनुशासन, टीम भावना, आत्मविश्वास और नेतृत्व क्षमता का भी विकास होता है। उन्होंने विद्यार्थियों से नियमित रूप से शारीरिक गतिविधियों और खेलों में भाग लेने का आह्वान किया। विद्यालय निदेशिका सोनाली सचदेवा ने कहा कि राष्ट्रीय खेल दिवस महान हॉकी खिलाड़ी मेजर ध्यानचंद की जयंती के उपलक्ष्य में मनाया जाता है। मेजर ध्यानचंद का जीवन विद्यार्थियों के लिए मेहनत, अनुशासन और समर्पण की प्रेरणा है। उन्होंने विद्यार्थियों को खेलों के प्रति जागरूक रहने और खेल भावना को अपने जीवन में अपनाने के लिए प्रेरित किया। कार्यक्रम के दौरान विद्यालय के सभी अध्यापक-अध्यापिकाओं की उपस्थिति रही। आयोजन को सफल बनाने में विद्यालय के शिक्षकों एवं स्टाफ का विशेष सहयोग रहा।