बरेली। बीबीएल पब्लिक स्कूल, पीलीभीत रोड में शनिवार को तीन दिवसीय द्वितीय के.के. अग्रवाल इंटर-स्कूल बैडमिंटन टूर्नामेंट ( के.के. अग्रवाल कप-2026) का भव्य शुभारंभ हुआ। कार्यक्रम की शुरुआत मां सरस्वती के समक्ष दीप प्रज्वलन और के.के. अग्रवाल के चित्र पर माल्यार्पण से हुई। मुख्य अतिथि विद्यालय के प्रबंधक राघव कृष्ण अग्रवाल का प्रधानाचार्य सर्वेश शर्मा और छात्र परिषद ने मार्च पास्ट व पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत किया। कार्यक्रम में विद्यालय प्रबंधन समिति की सदस्य अंजनी अग्रवाल, सौम्या अग्रवाल, डिस्ट्रिक्ट बैडमिंटन एसोसिएशन के अध्यक्ष डी.एल. खट्टर और सचिव अनिल मेहरोत्रा मौजूद रहे। विद्यार्थियों ने ईश्वर वंदना और रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं।राघव कृष्ण अग्रवाल ने टूर्नामेंट के शुभारंभ की घोषणा करते हुए कहा कि बैडमिंटन विद्यार्थियों को शारीरिक और मानसिक रूप से मजबूत बनाने के साथ उनमें नेतृत्व व सहयोग की भावना विकसित करता है। प्रधानाचार्य सर्वेश शर्मा ने खिलाड़ियों से खेल भावना के साथ प्रतियोगिता में प्रतिभाग करने का आह्वान किया। पहले दिन अंडर-11, अंडर-13, अंडर-15 और अंडर-17 वर्गों में बालक-बालिका एकल व युगल मुकाबले खेले गए। विभिन्न स्कूलों के खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए अगले दौर में जगह बनाई। प्रतियोगिता में शहर के कई प्रमुख विद्यालयों के खिलाड़ी प्रतिभाग कर रहे हैं।