बरेली। सेवा, त्याग और पारिवारिक समर्पण की मिसाल पेश करते हुए बरेली निवासी उत्तर प्रदेश पुलिस के उपनिरीक्षक डॉ. (पीएचडी) भारत सिंह को उनके 26 वर्षीय बेटे अभिषेक सिंह ने लिवर का हिस्सा दान कर नया जीवन दिया। यह सफल लिविंग डोनर लिवर ट्रांसप्लांट मैक्स सुपर स्पेशियलिटी हॉस्पिटल, वैशाली में किया गया। डॉ. भारत सिंह पिछले एक दशक से गंभीर लिवर रोग से पीड़ित थे। वर्ष 2012 में उन्हें नॉन-अल्कोहोलिक फैटी लिवर डिजीज का पता चला था, जो समय के साथ गंभीर लिवर फेल्योर में बदल गई। वर्ष 2024 में चिकित्सकों ने उन्हें लिवर प्रत्यारोपण की सलाह दी। इसके बाद उनके बेटे अभिषेक सिंह ने बिना किसी हिचकिचाहट के लिवर दान करने का निर्णय लिया। प्रो. (डॉ.) सुभाष गुप्ता और डॉ. राजेश डे के नेतृत्व में विशेषज्ञ टीम ने सफल सर्जरी कर अभिषेक के लिवर का 902 ग्राम वजनी दायां भाग प्रत्यारोपित किया। सर्जरी के बाद डॉ. भारत सिंह की स्थिति में तेजी से सुधार हुआ और 21 दिन बाद उन्हें अस्पताल से छुट्टी दे दी गई, जबकि अभिषेक 10 दिन में स्वस्थ होकर घर लौट आए। अभिषेक सिंह ने इसे पिता के प्रति अपना कर्तव्य बताया, वहीं डॉ. भारत सिंह ने कहा कि उन्हें केवल नया लिवर ही नहीं बल्कि नया जीवन मिला है। यह सफल प्रत्यारोपण आधुनिक चिकित्सा विज्ञान और पारिवारिक समर्पण का प्रेरणादायक उदाहरण बन गया है।