बरेली। अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर कृष्णा नगर, रोड नंबर-7, इज्जतनगर स्थित भावना संजीवनी जुम्बा क्लासेस द्वारा भव्य योग एवं स्वास्थ्य जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का नेतृत्व जुम्बा इंस्ट्रक्टर भावना जोशी ने किया, जिसमें बड़ी संख्या में महिलाओं एवं युवाओं ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। कार्यक्रम के दौरान प्रतिभागियों को योग के विभिन्न आसनों, प्राणायाम एवं स्वास्थ्य संबंधी महत्वपूर्ण जानकारियों का अभ्यास कराया गया। साथ ही नियमित योग को जीवन का हिस्सा बनाकर स्वस्थ एवं सकारात्मक जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित किया गया। इस अवसर पर क्षेत्रीय पार्षद सुधा सक्सेना का विशेष सहयोग एवं मार्गदर्शन प्राप्त हुआ। उन्होंने अपने संबोधन में कहा कि योग केवल शारीरिक व्यायाम नहीं, बल्कि मानसिक शांति, संतुलन और तनावमुक्त जीवन का आधार है। उन्होंने सभी लोगों से नियमित योग करने का आह्वान किया। कार्यक्रम को सफल बनाने में अनुराधा दुबे, सोनिया कोर, सोनिया, अभिलाषा, वंदना, अनु, नीलम भट्ट, प्रेमा बिष्ट, पुष्पा लाभयान एवं शिवानी भटनागर का विशेष योगदान रहा। सभी प्रतिभागियों ने योग के महत्व को समझते हुए स्वास्थ्य जागरूकता का संदेश दिया। कार्यक्रम के समापन पर जुम्बा इंस्ट्रक्टर भावना जोशी ने अतिथियों, सहयोगियों एवं प्रतिभागियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि योग को दैनिक जीवन में अपनाकर बेहतर स्वास्थ्य, सकारात्मक सोच और खुशहाल जीवन प्राप्त किया जा सकता है।