बरेली। अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर विश्व जागृति मिशन बरेली मंडल द्वारा योग एवं स्वास्थ्य जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में साधकों और श्रद्धालुओं ने भाग लेकर सामूहिक रूप से विभिन्न योगासन एवं प्राणायाम का अभ्यास किया तथा स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का संकल्प लिया। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए उप प्रधान संजय गर्ग ने कहा कि योग भारतीय संस्कृति की अमूल्य धरोहर है। योग शरीर, मन और आत्मा के बीच संतुलन स्थापित करने का प्रभावी माध्यम है। उन्होंने कहा कि नियमित योगाभ्यास व्यक्ति को शारीरिक और मानसिक रूप से स्वस्थ रखने के साथ-साथ तनावमुक्त जीवन जीने की प्रेरणा देता है। योग सत्र के दौरान प्रतिभागियों को विभिन्न आसनों एवं प्राणायाम की विधियों की जानकारी दी गई। वक्ताओं ने दैनिक जीवन में योग को शामिल करने पर जोर देते हुए इसके स्वास्थ्य संबंधी लाभों पर प्रकाश डाला। इस अवसर पर पवन अरोड़ा, नरेंद्र खुराना, संदीप मेहरा, महेंद्र गंगवार, वंदना अग्रवाल, नूतन मिश्रा, रश्मि अग्रवाल, मंजू गोयल, रेनू मिश्रा, प्रियंका मौर्या, किरण सिंह, महेंद्र पाठक एवं संजीव अग्रवाल सहित अनेक गणमान्य लोगों ने सहभागिता कर योगाभ्यास किया। कार्यक्रम का समापन विश्व शांति, स्वस्थ समाज और मानव कल्याण की प्रार्थना के साथ हुआ।