बरेली। 12वें अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर आज स्पोर्ट्स स्टेडियम में भव्य योग कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में प्रदेश सरकार के कैबिनेट मंत्री धर्मपाल सिंह मौजूद रहे। इसके अलावा सांसद छत्रपाल सिंह गंगवार, विधायक राघवेंद्र शर्मा, कैंट विधायक संजीव अग्रवाल, जिला पंचायत अध्यक्ष रश्मि पटेल, अर्बन कोऑपरेटिव बैंक की अध्यक्ष श्रुति गंगवार, जिलाधिकारी अविनाश सिंह, मुख्य विकास अधिकारी देवयानी सिंह सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी उपस्थित रहे। कार्यक्रम की शुरुआत प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के संबोधन के प्रसारण को सुनने के साथ हुई। इसके बाद उपस्थित जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों एवं बड़ी संख्या में लोगों ने सामूहिक योगाभ्यास कर योग को दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने का संदेश दिया। इस अवसर पर वक्ताओं ने कहा कि योग भारतीय संस्कृति की अमूल्य धरोहर है, जो शारीरिक, मानसिक एवं आध्यात्मिक स्वास्थ्य को सुदृढ़ बनाता है। उन्होंने लोगों से नियमित योग अपनाकर स्वस्थ जीवनशैली को बढ़ावा देने की अपील की। कार्यक्रम में विभिन्न योग क्रियाओं एवं आसनों का प्रदर्शन भी किया गया। अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर उत्तर प्रदेश सरकार के कैबिनेट मंत्री धर्मपाल सिंह, सांसद छत्रपाल गंगवार, जिला पंचायत अध्यक्ष रश्मि पटेल, कैंट विधायक संजीव अग्रवाल , विधायक डॉ राघवेंद्र शर्मा ने एक गूंज संस्था के अध्यक्ष प्रतिपाल सिंह (बंटी ठाकुर) को सम्मान पत्र देकर उनकी पूरी टीम को सम्मानित किया।