बरेली। 12वें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर रविवार को रिजर्व पुलिस लाइन बरेली के परेड ग्राउंड में भव्य योग कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस वर्ष योग दिवस की थीम “स्वस्थ आयु के लिए योग” रही। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने भाग लेकर योग के प्रति अपनी जागरूकता और प्रतिबद्धता दिखाई। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि अपर पुलिस महानिदेशक बरेली जोन रमित शर्मा तथा विशिष्ट अतिथि पुलिस उपमहानिरीक्षक बरेली परिक्षेत्र अजय कुमार साहनी उपस्थित रहे। आयोजन का संयोजन वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अनुराग आर्य ने किया। अधिकारियों ने योग के महत्व और इसके स्वास्थ्य लाभों पर प्रकाश डालते हुए नियमित योग अपनाने का संदेश दिया। योग सेवा ट्रस्ट बरेली के योगाचार्य महेंद्रपाल कश्यप एवं उनकी टीम ने उपस्थित अधिकारियों और कर्मचारियों को विभिन्न योगासन, प्राणायाम तथा ध्यान का अभ्यास कराया। प्रशिक्षकों ने योग के माध्यम से तनाव प्रबंधन, मानसिक एकाग्रता और शारीरिक क्षमता बढ़ाने के उपाय बताए। योग सत्र के बाद मुख्य अतिथि एवं अन्य वरिष्ठ अधिकारियों ने योगाचार्य महेंद्रपाल कश्यप सहित सभी प्रशिक्षकों को प्रशस्ति पत्र एवं स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया। अपने संबोधन में अधिकारियों ने कहा कि योग केवल व्यायाम नहीं, बल्कि स्वस्थ और संतुलित जीवन जीने की समग्र पद्धति है। समापन अवसर पर एसएसपी अनुराग आर्य ने मुख्य अतिथि एवं विशिष्ट अतिथि को स्मृति चिन्ह भेंट कर आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम में पुलिस अधीक्षक नगर मानुष पारीक, पुलिस अधीक्षक दक्षिणी अंशिका वर्मा, पुलिस अधीक्षक उत्तरी मुकेश चंद्र मिश्र, पुलिस अधीक्षक यातायात मो. अकमल खान सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे। कार्यक्रम सौहार्दपूर्ण और प्रेरणादायी वातावरण में संपन्न हुआ।