अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर भाजपा नेता डॉ शैलेश पाठक ने किया योगाभ्यास, दिया नियमित योग का संदेश
दातागंज। अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर परशुराम पब्लिक स्कूल में भव्य योग शिविर का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में विद्यार्थियों, शिक्षकों एवं क्षेत्रीय नागरिकों ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर योग के प्रति अपनी आस्था और जागरूकता का परिचय दिया।कार्यक्रम के मुख्य अतिथि डॉ. शैलेश पाठक ने कहा कि वर्तमान समय में लोग अनेक नई-नई चुनौतियों का सामना कर रहे हैं, जिनसे सफलतापूर्वक निपटने के लिए स्वस्थ एवं निरोग शरीर का होना अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने कहा कि नियमित योगाभ्यास न केवल शारीरिक बल्कि मानसिक स्वास्थ्य को भी सुदृढ़ बनाता है। उन्होंने लोगों से अधिक दवाइयों पर निर्भर रहने के बजाय योग को अपनी दैनिक दिनचर्या का हिस्सा बनाने का आह्वान किया।डॉ. पाठक ने 17 वर्षीय छात्रा माही पाठक द्वारा प्रस्तुत कठिन योग क्रियाओं की विशेष सराहना करते हुए कहा कि युवाओं को उसकी लगन, अनुशासन और योग के प्रति समर्पण से प्रेरणा लेनी चाहिए। माही की उत्कृष्ट प्रस्तुति ने उपस्थित लोगों को आश्चर्यचकित कर दिया और सभी ने तालियों की गड़गड़ाहट के साथ उसका उत्साहवर्धन किया।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री द्वारा अंतरराष्ट्रीय योग दिवस को वैश्विक पहचान दिलाने का उद्देश्य लोगों को योग अपनाने के लिए प्रेरित करना है। उन्होंने “एक पृथ्वी, एक स्वास्थ्य” के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने का संकल्प भी व्यक्त किया।
योग शिविर में योग गुरु किशनलाल, राकेश वर्मा एवं डॉ. रमाशंकर ने विभिन्न योगासनों एवं प्राणायाम का अभ्यास कराया तथा उनके स्वास्थ्य लाभों की विस्तार से जानकारी दी। कार्यक्रम में अरविंद अग्निहोत्री, सुनील मिश्रा, हरपाल कश्यप, राकेश शर्मा, वीरेश यादव, ओमेंद्र कश्यप, रामनिवास राठौर, जसवीर राठौर, रमेश यादव, गंगासहाय कश्यप, ठाकुर राजेश सिंह सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे।कार्यक्रम का सफल आयोजन परशुराम पब्लिक स्कूल के प्रबंधक अजय मिश्रा के निर्देशन में संपन्न हुआ। अंत में सभी प्रतिभागियों ने नियमित योग करने एवं स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का संकल्प लिया।















































































