बरेली। अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर ब्रह्माकुमारी संस्था के मिथिलापुरी सेंटर द्वारा वीर सावरकर नगर पार्क में योग एवं ध्यान कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में भाई-बहनों ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर योग के माध्यम से स्वस्थ जीवन जीने का संकल्प लिया।कार्यक्रम में योग शिक्षक के.सी. मित्तल एवं उनकी धर्मपत्नी ने प्रतिभागियों को विभिन्न योगासन एवं प्राणायाम का अभ्यास कराया। उन्होंने नियमित योग के शारीरिक और मानसिक लाभों पर प्रकाश डालते हुए इसे दैनिक जीवन का अभिन्न हिस्सा बनाने की अपील की। इस अवसर पर ब्रह्माकुमारी रजनी बहन ने राजयोग मेडिटेशन का अभ्यास कराते हुए बताया कि राजयोग के माध्यम से मन को शांत, एकाग्र और शक्तिशाली बनाया जा सकता है। उन्होंने कहा कि योग केवल शरीर को स्वस्थ रखने का साधन नहीं, बल्कि आत्मिक शांति और सकारात्मक जीवन जीने की कला भी सिखाता है। कार्यक्रम के अंत में उपस्थित सभी लोगों ने नियमित योग एवं ध्यान करने का संकल्प लिया। आयोजन को सफल बनाने में ब्रह्माकुमारी नीतू, निकिता एवं शिवस्वरूप भाई का विशेष सहयोग रहा।