बदायूँ। थाना उझानी क्षेत्रान्तर्गत ग्राम बुटला के पास हुए भीषण सड़क हादसे में ट्रैक्टर और ई-रिक्शा (टिर्री) की आमने-सामने जोरदार टक्कर में 06 लोगों की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि 04 अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों का उपचार राजकीय मेडिकल कॉलेज, बदायूँ में चल रहा है।घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस उपमहानिरीक्षक बरेली परिक्षेत्र अजय कुमार साहनी तत्काल घटनास्थल पर पहुंचे और बारीकी से निरीक्षण किया। उन्होंने मौके पर मौजूद अधिकारियों से हादसे की पूरी जानकारी ली तथा घटनास्थल का गहन निरीक्षण कर राहत एवं बचाव कार्यों की समीक्षा की। डीआईजी ने दुर्घटना के कारणों की जांच के निर्देश भी दिए। इधर, घटना में मृतकों के परिजनों का पोस्टमार्टम हाउस पर जमावड़ा रहा। जहां प्रदेश के वन मंत्री व जनपद के प्रभारी मंत्री अरुण कुमार सक्सेना पहुंचे। उन्होंने परिजनों से मुलाकात कर गहरी संवेदना व्यक्त की और उन्हें ढांढस बंधाया। मंत्री ने पीड़ित परिवारों को सरकार की ओर से हर संभव सहायता दिलाने का आश्वासन दिया तथा घायलों के बेहतर इलाज के निर्देश भी दिए। उनके साथ भाजपा जिलाध्यक्ष राजीव गुप्ता,भाजपा विधायक महेश चंद्र गुप्ता साथ रहे। इस दर्दनाक हादसे से पूरे क्षेत्र में शोक की लहर व्याप्त है और मृतकों के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।