बरेली। अपराध एवं अवैध शस्त्रों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना मीरगंज पुलिस ने एक युवक को अवैध तमंचा, जिंदा कारतूस और मोटरसाइकिल सहित गिरफ्तार किया है। आरोपी के खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर न्यायालय में पेश करने की कार्रवाई की जा रही है।पुलिस के अनुसार 15 जून की रात कस्बा चौकी प्रभारी उपनिरीक्षक पंकज कुमार अपनी टीम के साथ सिरौली चौराहे पर संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की चेकिंग कर रहे थे। इसी दौरान मुखबिर से मिली सूचना पर पुलिस ने मीरगंज अंडरपास के पास घेराबंदी कर नरेन्द्र पुत्र सालिकराम निवासी ग्राम मिर्जापुर थाना नीमगांव, जनपद लखीमपुर खीरी को गिरफ्तार कर लिया। तलाशी के दौरान आरोपी के कब्जे से एक अवैध 12 बोर तमंचा, एक जिंदा कारतूस और एक मोटरसाइकिल बरामद हुई। बरामदगी के आधार पर थाना मीरगंज में आर्म्स एक्ट की धारा 3/25 के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है।पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार आरोपी के खिलाफ पूर्व में भी लूट, चोरी का माल रखने और आपराधिक साजिश से संबंधित मामला दर्ज है। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर आवश्यक विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।इस कार्रवाई में चौकी प्रभारी पंकज कुमार, उपनिरीक्षक नितिन, कांस्टेबल अंकुर सिरोही तथा कांस्टेबल अभिषेक सोम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।