बदायूँ। सृजन, अंतर्राष्ट्रीय कला साहित्य संस्कृति के तत्वाधान में लखनऊ में आयोजित साहित्य एवं संस्कृति से ओत-प्रोत अंतरराष्ट्रीय शैक्षिक समागम समारोह में जनपद बदायूँ का गौरव बढ़ाते हुए विकास क्षेत्र सलारपुर के प्राथमिक विद्यालय बनगवा के शिक्षक मयंक गुप्ता को उनकी साहित्यिक प्रतिभा के लिए प्रतिष्ठित “लेखनी सम्मान” से सम्मानित किया गया। यह सम्मान उन्हें पर्यावरण संरक्षण पर आधारित उनकी स्वरचित कविता के लिए समारोह में उपस्थित विशिष्ट अतिथियों द्वारा प्रदान किया गया। मयंक गुप्ता की रचनात्मक लेखनी को नई पहचान देते हुए उनकी रचना का प्रकाशन दिल्ली से प्रकाशित पुस्तक काव्य किरण में उनके संक्षिप्त परिचय के साथ किया गया है। उनकी इस उपलब्धि से क्षेत्र के शिक्षकों और साहित्य प्रेमियों में हर्ष का माहौल है। समारोह में देशभर से जुड़े 220 साहित्यकारों को उनके साहित्यिक योगदान के आधार पर लेखनी साहित्य रत्न सम्मान, छह सामाजिक संस्थाओं को सृजन समाज सेवा सम्मान तथा प्रदेश के 12 समर्पित शिक्षकों को एनएमएमएसई गौरव सम्मान प्रदान कर सम्मानित किया गया।इस गरिमामयी आयोजन में मुख्य अतिथि एवं विशिष्ट अतिथियों के रूप में श्री नटवर गोयल (उपाध्यक्ष, लघु उद्योग निगम लिमिटेड एवं दर्जा राज्यमंत्री, उत्तर प्रदेश शासन), स्वतंत्र प्रकाश गुप्त (राज्य सूचना आयुक्त), दिनेश कुमार सिंह (सेवानिवृत्त मंडलायुक्त), रविशंकर (सेवानिवृत्त आईएएस एवं फाउंडर लाइफ सिग्निफाई), डॉ. मदन मोहन लाल, डॉ. खुशबू वर्मा, डॉ. जयप्रकाश वर्मा तथा प्रदीप कुमार गुप्ता मंच पर उपस्थित रहे।कार्यक्रम का सफल संयोजन मनीष देव गुप्ता द्वारा किया गया। पूर्व जिलाधिकारी बदायूँ दिनेश कुमार सिंह ने मंच से शिक्षक मयंक गुप्ता की सराहना करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की और उनके साहित्यिक योगदान की प्रशंसा की।