बदायूं । सराफा बाजार स्थित 84 घंटा हनुमान मंदिर पर ज्येष्ठमास के द्वितीय मंगलवार पर बड़ा मंगल पर्व भक्ति भाव एवं धूमधाम के साथ मनाया गया. भक्तों के जय श्री राम,जय हनुमान के जय कारों से वातावरण आध्यात्मिक एवं भक्तिमय हो गया. प्रातः काल 8:00 बजे सिंदूर एवं चमेली के तेल का चोला चढ़ा कर नवीन वस्त्र आभूषणों से हनुमान जी का भव्य-दिव्य श्रृंगार किया गया. तत्पश्चात आरती उतार कर एवं लड्डुओं का भोग लगाकर पूजन किया गया.शाम को 7:30 बजे श्री हनुमान चालीसा का पाठ एवं आरती उतार कर बड़ा मंगल का पर्व भक्ति भाव के साथ मनाया गया.मंदिर के पुजारी सुधीर मिश्रा ने बताया, भगवान श्री राम के अनन्य एवं परम भक्त कलयुग के जागृत देव है श्री हनुमान जी. जिनकी कृपा से भक्तों के रोग-शोक नष्ट हो जाते हैं. बड़ा मंगल के दिन ही श्री राम जी से श्री हनुमान जी का मिलन हुआ था. हनुमान जी की कृपा से भक्तों के बिगड़े काम बन जाते हैं. भक्तों के जीवन में नवीन ऊर्जा का संचार होता है.नगर के समस्त भक्त जनों ने उपस्थित होकर श्री राम जी और श्री हनुमान जी की आराधना कर भक्ति भाव के साथ दर्शन पूजन किया.इस मौके पर राजकुमार सिंह सेंगर, राम गोपाल पटवा, कन्हैया मिश्रा, प्रदीप पटवा, वंश मिश्रा, राजीव सैनी, अखिलेश गुप्ता,आलोक गुप्ता एवं शिवम देवल आदि उपस्थित रहे.