बरेली । छावनी परिषद की सीईओ डॉ. तनु जैन के मार्गदर्शन में मजदूर दिवस के अवसर पर सफाई मित्रों के सम्मान और स्वच्छता के प्रति जागरूकता बढ़ाने हेतु एक विशेष कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य सफाई मित्रों के योगदान को सराहना देना और समाज में स्वच्छता के प्रति जिम्मेदारी की भावना को मजबूत करना रहा। कार्यक्रम के दौरान उत्कृष्ट कार्य करने वाले सफाई मित्रों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। इससे न केवल उनका मनोबल बढ़ा, बल्कि अन्य कर्मचारियों को भी प्रेरणा मिली। इस मौके पर स्वच्छ सर्वेक्षण 2025-26 के अंतर्गत सिटीज़न फीडबैक अभियान भी चलाया गया, जिसमें सभी उपस्थित लोगों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया। कार्यक्रम में सफाई अधीक्षक मनोज कुमार तिवारी, आर.एन. टैगोर स्कूल से डॉ. वंदना, श्रीधर शुक्ला सहित अन्य शिक्षकगण, स्वच्छ भारत मिशन से अंकिता पांडे एवं उनकी टीम तथा छावनी परिषद के सभी सफाई मित्र मौजूद रहे। कार्यक्रम का समापन स्वच्छता के प्रति सामूहिक संकल्प और सभी प्रतिभागियों के सहयोग के साथ हुआ।