कॉलेज के वरिष्ठ शिक्षाविद को कुलपति नियुक्त करने की मांग
शाहजहांपुर। मुमुक्षु शिक्षा संकुल के अंतर्गत संचालित पांच शिक्षण संस्थानों को शासन द्वारा उच्चीकृत कर स्वामी शुकदेवानंद विश्वविद्यालय का स्वरूप दिए जाने के बाद अब इसके प्रथम कुलपति की नियुक्ति को लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं। इसी क्रम में स्वामी शुकदेवानंद कॉलेज के शिक्षक संघ ने माननीय मुख्यमंत्री महोदय, उत्तर प्रदेश सरकार को संबोधित एक महत्वपूर्ण ज्ञापन जिलाधिकारी शाहजहांपुर के माध्यम से प्रेषित किया है।ज्ञापन में शिक्षक संघ ने साभार निवेदन किया है कि नवगठित विश्वविद्यालय के प्रथम कुलपति के रूप में ऐसे वरिष्ठ एवं अनुभवी प्रोफेसर की नियुक्ति की जाए, जो इन शिक्षण संस्थानों से गहराई से जुड़ा होने के साथ ही मुमुक्षु आश्रम की शैक्षणिक, सांस्कृतिक, सनातन एवं नैतिक परंपराओं से भली-भांति परिचित हों।शिक्षक संघ का मानना है कि विश्वविद्यालय की सुदृढ़ नींव रखने एवं उसे गतिमान करने के लिए ऐसे कुलपति का होना नितांत आवश्यक है, जो संस्थान की मूल भावना और परंपराओं को समझते हुए उसे नई ऊंचाइयों तक ले जा सके। शिक्षकों का ऐसा विश्वास है कि आश्रम की परंपरा शिक्षा के साथ-साथ संस्कार, अनुशासन, सामाजिक उत्तरदायित्व एवं नैतिक मूल्यों से ओतप्रोत है। अतः विश्वविद्यालय के प्रथम कुलपति के रूप में संस्था के ही किसी अनुभवी एवं समर्पित शिक्षाविद को अवसर प्रदान किया जाए ताकि संस्था की पुरातन परंपराएं एवं मूल्य भी जीवित रहें तथा विश्वविद्यालय भी द्रुत गति से उन्नति के शिखरों को स्पर्श कर सके। ज्ञापन के माध्यम से यह भी अपेक्षा जताई गई है कि शासन स्तर पर इस विषय में गंभीरता से विचार करते हुए शीघ्र निर्णय लिया जाएगा। इस पहल को लेकर शिक्षकों में उत्साह का माहौल है और वे विश्वविद्यालय के उज्ज्वल भविष्य की कामना कर रहे हैं।इस अवसर पर प्रो आदित्य सिंह, डॉ आलोक कुमार सिंह, प्रो कमलेश गौतम, डॉ शिशिर शुक्ला, डॉ बरखा सक्सेना, डॉ अजय कुमार वर्मा, डॉ. संतोष प्रताप सिंह, डॉ.रूपक श्रीवास्तव, डॉ धर्मवीर सिंह, डॉ पूजा बाजपेई, डॉ सचिन खन्ना, बृजलाली, व्याख्या सक्सेना, मृदुल शुक्ला, पोथीराम, डॉ.पदमजा मिश्रा, डॉ दीपक दीक्षित, डॉ संदीप दीक्षित सहित कॉलेज के अनेक शिक्षक उपस्थित रहें।















































































