बरेली। महाशिवरात्रि के पावन अवसर पर अलखनाथ मंदिर में श्रद्धालुओं का जनसैलाब उमड़ पड़ा। हजारों की संख्या में तड़के सुबह 3 बजे से ही भक्तों ने जलाभिषेक प्रारंभ कर दिया। मंदिर परिसर में रात से ही श्रद्धालुओं की लंबी कतारें लगनी शुरू हो गई थीं। हर-हर महादेव और बम-बम भोले के जयकारों से पूरा वातावरण भक्तिमय हो उठा। श्रद्धालुओं ने भगवान भोलेनाथ का गंगाजल, दूध, दही, शहद और शक्कर से अभिषेक किया तथा बेलपत्र, भांग, धतूरा और प्रसाद अर्पित कर सुख-समृद्धि की कामना की। मंदिर को आकर्षक फूलों और रोशनी से सजाया गया था, जिससे उसकी भव्यता और बढ़ गई। व्यवस्था बनाए रखने के लिए प्रशासन की ओर से सुरक्षा के विशेष इंतजाम किए गए थे। पुलिस बल तैनात रहा और श्रद्धालुओं को सुचारु रूप से दर्शन कराए गए।महाशिवरात्रि पर अलखनाथ मंदिर में उमड़ी आस्था की यह तस्वीर बरेली की धार्मिक परंपरा और श्रद्धा का जीवंत प्रमाण बनी रही।