बरेली। शहर के प्राचीनतम एवं भव्यतम बाबा त्रिवटीनाथ मंदिर में रविवार को महाशिवरात्रि पर्व धूमधाम और श्रद्धा के साथ मनाया गया। तड़के प्रातः 2 बजे से ही श्रद्धालुओं की अपार भीड़ शिवालय में जलाभिषेक और पूजन-अर्चन के लिए उमड़ से पड़ी। दिनभर मंदिर परिसर ‘हर-हर महादेव’ के जयघोष से गूंजता रहा। मंदिर के मीडिया प्रभारी संजीव औतार अग्रवाल ने बताया कि लाखों श्रद्धालु कतारबद्ध होकर मुख्य द्वार से लेकर श्रीराम कथा स्थल और तारा टॉकीज गेट तक अपनी बारी की प्रतीक्षा करते रहे। श्रद्धालुओं ने बाबा से मनोकामना पूर्ति और कार्य सिद्धि का आशीर्वाद प्राप्त किया। मंदिर को आकर्षक विद्युत सज्जा और के से भव्य रूप से सजाया गया था, जिससे पूरा परिसर भगवामय नजर आया। उन्होंने बताया कि मंदिर की ऐतिहासिकता और प्राचीनता के कारण श्रद्धालुओं का बाबा त्रिवटीनाथ में अटूट विश्वास है। वन मंत्री डॉ. अरुण कुमार तथा जिलाधिकारी अविनाश सिंह ने भी सपत्नीक विधि-विधान से पूजन किया। मंदिर सेवा समिति की ओर से प्रताप चन्द्र सेठ व संजीव औतार अग्रवाल ने उनका स्वागत किया। सांयकाल बाबा का दिव्य श्रृंगार, महाआरती और प्रसाद वितरण के साथ कार्यक्रम सम्पन्न हुआ। समिति के कई सदस्यों का आयोजन में विशेष सहयोग रहा।