बरेली। थाना भुता क्षेत्र के ग्राम अठाना में दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। अपने ही एक वर्षीय पुत्र की हत्या करने वाले आरोपी पिता को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। मृतक की मां राजवेटी पत्नी सोमपाल ने पुलिस को सूचना दी कि उसके पति सोमपाल ने उनके एक वर्षीय पुत्र वरुन की गला दबाकर हत्या कर शव जंगल में छिपा दिया है। सूचना के आधार पर थाना भुता में मुकदमा दर्ज किया गया। प्रभारी निरीक्षक रविन्द्र कुमार पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। ग्राम अठाना के तालाब किनारे जंगल से मासूम वरुन का शव बरामद हुआ। फील्ड यूनिट व क्षेत्राधिकारी फरीदपुर ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। पंचायतनामा भरकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। पुलिस ने आरोपी सोमपाल को घटनास्थल से कुछ दूरी पर जंगल में छिपा हुआ गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में उसने पत्नी के कथित अवैध संबंधों के शक में गुस्से में आकर पुत्र की हत्या करना स्वीकार किया। आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया।