बरेली। भोजीपुरा टोल प्लाजा कर्मियों द्वारा हवाई अड्डा गेट के पास स्थित दुग्ध डेयरी किसानों को आए दिन जेसीबी लगाकर हटाए जाने के विरोध में किसान एकता संघ ने जिला अधिकारी कार्यालय पर प्रदर्शन किया। संगठन के राष्ट्रीय संगठन मंत्री डॉ. रवि नागर के नेतृत्व में किसानों ने सिटी मजिस्ट्रेट को ज्ञापन सौंपते हुए टोल कर्मियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। डॉ. रवि नागर ने कहा कि भोजीपुरा टोल प्लाजा के कर्मचारी अतिक्रमण के नाम पर गरीब डेयरी किसानों को लगातार परेशान कर रहे हैं। 7 फरवरी को भी टोल कर्मी जेसीबी लेकर पहुंचे और सड़क किनारे, गड्ढे में बंधी भैंसों के स्थान को जबरन खोदने लगे। जबकि ये डेयरियां सड़क से दूर हैं और यातायात में किसी प्रकार का अवरोध नहीं करतीं। उन्होंने आरोप लगाया कि टोल कर्मियों की कार्रवाई पूरी तरह पक्षपातपूर्ण है। सड़क पर स्कूटर, मोटरसाइकिल, ट्रक, ट्रैक्टर, खोखे, कच्चे निर्माण, फर्नीचर की दुकानें और रोड़ी बाजार तक फैले हैं, लेकिन उन पर कोई कार्रवाई नहीं होती। किसानों के साथ यह अन्याय बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। किसान एकता संघ ने मांग की कि यदि अतिक्रमण हटाना है तो सभी के खिलाफ समान रूप से कार्रवाई हो, केवल गरीब डेयरी किसानों को निशाना न बनाया जा रहा है। संगठन ने चेतावनी दी कि तानाशाही कार्रवाई जारी रही तो आंदोलन तेज किया जाएगा।