बरेली। थाना आंवला पुलिस ने मंदिर से घंटी चोरी करने वाले चोर अतुल पुत्र रोहताश को गिरफ्तार कर मंदिर से चोरी हुई पीतल की घंटियों को बरामद करने में सफलता हासिल की है। जानकारी के अनुसार, दिनांक 6 जनवरी को ग्राम किशनपुर स्थित ठाकुर महाराज जी के मंदिर से अज्ञात चोर द्वारा पीतल की पांच छोटी घंटियां चोरी कर ली गई थीं। इस संबंध में मंदिर के पुजारी उमेशचंद्र पारासरी द्वारा थाना आंवला में तहरीर दी गई थी, जिसके आधार पर मुकदमा दर्ज किया गया था। अपराधियों की धरपकड़ अभियान के तहत थाना आंवला पुलिस टीम ने मुखबिर की सूचना पर ग्राम मनौना स्थित मजार के पास से वांछित अभियुक्त अतुल पुत्र रोहताश, निवासी ग्राम मनौना, थाना आंवला को गिरफ्तार किया। अभियुक्त के कब्जे से मंदिर से चोरी की गई पीतल की पांच छोटी घंटियां बरामद की गईं। पुलिस जांच में सामने आया कि अभियुक्त के विरुद्ध पूर्व में भी चोरी व अन्य आपराधिक मामलों में मुकदमे दर्ज हैं। गिरफ्तार अभियुक्त को आवश्यक विधिक कार्रवाई के बाद माननीय न्यायालय के समक्ष पेश कर जेल भेज दिया गया है। गिरफ्तारी करने वाली पुलिस टीम में उप निरीक्षक चन्दकीराम, उप निरीक्षक मोहम्मद इशहाक तथा हेड कांस्टेबल सत्यवीर सिंह शामिल रहे।