बरेली। इस्कॉन (ISKCON) बरेली के तत्वावधान में श्री श्री राधा वृन्दावनचन्द्र जी मंदिर द्वारा रविवार को भव्य श्री श्री कृष्ण-बलराम शोभायात्रा का आयोजन किया गया। शोभायात्रा का शुभारंभ आनंद आश्रम से हुआ, जो गांधी उद्यान, प्रभा टॉकीज, चौकी चौराहा, पटेल चौक, कोतवाली, कुतुबखाना, कुल्हाड़ापीर, धर्मकांटा, डीडीपुरम होते हुए झूलेलाल द्वार पर पहुंचकर विश्राम हुई। शोभायात्रा के दौरान श्रद्धालु भजन-कीर्तन करते हुए नाचते-झूमते नजर आए। पूरे मार्ग में “हरे कृष्ण-हरे राम” के जयघोष से वातावरण भक्तिमय बना रहा। भगवान श्रीकृष्ण और बलराम के सुसज्जित रथ के दर्शन के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालु उमड़े। इस्कॉन पदाधिकारियों ने बताया कि शास्त्रों के अनुसार जो भक्त भगवान की रथ अथवा शोभायात्रा में सहभागी बनता है, उसे अनेक जन्मों के पापों से मुक्ति मिलती है। रथ यात्रा में दर्शन, कीर्तन, सेवा एवं सहभागिता से भक्ति का उदय होता है और भगवान की विशेष कृपा प्राप्त होती है। कलियुग में इसे संकीर्तन यज्ञ का सर्वोत्तम रूप माना गया है। केवल रथ के दर्शन, उसे खींचने अथवा “हरे कृष्ण” नाम के उच्चारण मात्र से भी आध्यात्मिक लाभ प्राप्त होता है। शोभायात्रा में सांसद छत्रपाल सिंह गंगवार, कैंट विधायक संजीव अग्रवाल, महापौर डॉ. उमेश गौतम, पूर्व डिप्टी मेयर अतुल कपूर सहित व्यापारी वर्ग एवं हजारों की संख्या में भक्तगण शामिल हुए।