बदायूं में बुध पूर्णिमा के पर्व पर गंगास्नान को आए दो दोस्तों की डूबकर मौत हो गई। दोनों हाथरस जिले के रहने वाले थे। मामले की जानकारी पर पुलिस समेत अन्य अधिकारी मौके पर पहुंचे और शवों को कब्जे में ले लिया। फिलहाल दोनों शव पोस्टमार्टम को भेजे गए हैं। वहीं दोनों के परिजनों को भी हादसे की जानकारी दी गई है। हादसा उझानी कोतवाली क्षेत्र में स्थित कछला गंगाघाट पर हुआ। बताया जाता है कि हाथरस में रहने वाले सात दोस्तों का एक समूह आज गंगास्नान को यहां पहुंचा था। इसमें हाथरस के थाना मुड़सान इलाके के गांव नगला अन्नी निवासी विनय (24) सिंह व सौरभ (25) सिंह के अलावा आकाश, आदित्य, नैना, भीमा व दिनेश शामिल थे। सभी लोग गंगा में नहा रहे थे। इसी वक्त सौरभ गहरे पानी में चला गया और डूबने लगा। उसे डूबता देख विनय उसे बचाने को आगे बढ़ गया लेकिन बहाव तेज होने के कारण वो अपना संतुलन नहीं संभाल सका और डूबने लगा। यह देख अन्य दोस्तों ने शोर मचाया तो घाट पर मौजूद गोताखोर वहां जा पहुंचे। नाविकों ने भी उस ओर नावें दौड़ा दीं, जिधर, दोनों दोस्त बहते हुए दिख रहे थे। तकरीबन आधा घंटे की मशक्कत के बाद दोनों को किसी तरह बाहर निकाला गया। पुलिस दोनों को एंबुलेंस से उझानी सीएचसी लेकर पहुंची लेकिन यहां डाक्टर ने कुछ देर बाद दोनों को मृत घोषित कर दिया। इस पर पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। वहीं दोस्तों द्वारा बताए गए पते पर हादसे की जानकारी परिजनों को भेज दी गई है।