बरेली। लखनऊ में भीम आर्मी द्वारा राज्यपाल को ज्ञापन सौंपने के बाद बरेली में कल रात से हिरासत में लिए गए भीम आर्मी के प्रदेश अध्यक्ष डॉ. कुलदीप भार्गव समेत सभी पदाधिकारियों को प्रशासन ने आज रिहा कर दिया। पूरी रात इन सभी को बहेड़ी चीनी मिल के गेस्ट हाउस में नजरबंद रखा गया। कल रात भीम आर्मी मंडल अध्यक्ष विकास बाबू एडवोकेट ने ट्वीट कर जानकारी दी थी कि प्रदेश अध्यक्ष समेत अन्य पदाधिकारियों को प्रशासन ने अवैध रूप से हिरासत में ले लिया है। उन्होंने प्रशासन की इस कार्रवाई की कड़ी निंदा करते हुए तत्काल रिहाई की मांग की थी। उनके ट्वीट के बाद कार्यकर्ताओं में भारी आक्रोश था, और बड़ी संख्या में कार्यकर्ता बहेड़ी पहुंचने लगे। जैसे ही प्रदेश अध्यक्ष के बहेड़ी में होने की सूचना मिली, बड़ी संख्या में भीम आर्मी कार्यकर्ता रात से ही चीनी मिल के बाहर एकत्र होने लगे। सुबह होते ही कार्यकर्ताओं की भीड़ और बढ़ गई, जिससे माहौल पूरी तरह भीम आर्मी समर्थकों के नारों से गूंज उठा। प्रदेश अध्यक्ष के साथ मंडल अध्यक्ष विकास बाबू एडवोकेट, जिला अध्यक्ष सुशील कुमार गौतम, प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य अतुल वाल्मिकी, मेव खुर्शीद, अजय प्रधान, आकाश सागर, सौरभ भारतीय समेत एक दर्जन से ज्यादा पदाधिकारी पूरी रात नजर बंद रहे। रिहाई के बाद बहेड़ी में कार्यकर्ताओं ने डॉ. कुलदीप भार्गव का भव्य स्वागत किया। हजारों की संख्या में मौजूद समर्थकों ने रोड शो निकाला और नारेबाजी करते हुए शक्ति प्रदर्शन किया। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने कहा कि प्रशासन द्वारा इस तरह की कार्रवाई निंदनीय है, लेकिन भीम आर्मी अपने संघर्ष से पीछे नहीं हटेगी।